फतेहपुर। ढाबे में रुपये के लेनदेन के विवाद में बुधवार शाम मारपीट और तोड़फोड़ की गई। ढाबा संचालक को लाठी-डंडे से पीटा गया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पटेल नगर आईटीआई रोड लेखपाल कालोनी निवासी राजीव कुमार सिंह की ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान के निचले तल पर ढाबा संचालित करते हैं। राजीव सिंह ने बताया कि ढाबे पर बुधवार शाम आधारपुर गांव के दानिश, अमित समेत चार लोग आए। खाना खाने के बाद रुपये के लेनदेन को लेकर कर्मी बबलू से विवाद करने लगे और गालीगलौज की।
उसने विरोध किया तो लाठी-डंडे से हमला कर दिया। ढाबे में तोड़फोड़ की। मारपीट में उसे काफी चोट आई और ढाबे में भी नुकसान हुआ है। जान से मारने की धमकी देकर चारों भाग निकले। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।