पप्पू यादव के घर को ढहाती जेसीबी मशीन। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। लूट के बाद किशोरी से दुष्कर्म करने वाले गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर के घर पर मंगलवार शाम बुलडोजर चला दिया गया। आधे घर का निर्माण ढहा दिया गया। उस पर गैंगस्टर के एक और मुकदमे की कार्रवाई चल रही है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 दिसंबर को परिवार को बंधक बनाकर तीन बदमाशों ने लूटपाट की थी। एक बदमाश ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मुठभेड़ हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर पप्पू यादव और उसके साथी मुकीम को 17 दिसंबर की भोर गिरफ्तार किया था। रहिमालनपुरवा के गैंगस्टर पप्पू यादव के भाई, पिता और बाबा का आपराधिक इतिहास है।
पप्पू के भाई अभिमन्यु को पुलिस ने 10 दिसंबर की घटना में फरार घोषित किया है। मौके पर दोपहर को हुसैनगंज प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह, एसएसआई गोविंद सिंह, कानूनगो नितिन श्रीवास्तव, लेखपाल स्वतंत्र पाल समेत पुलिस फोर्स पहुंचा। एसडीएम अवधेश निगम और सीओ सिटी वीर सिंह शाम चार बजे रहिमालनपुरवा गांव पहुंचे। इसके बाद राजस्व टीम की पैमाइश रिपोर्ट के अनुसार बुलडोजर से गैंगस्टर के घर का आधा हिस्सा ढहाया गया।
एसडीएम ने बताया कि रहिमालनपुरवा गांव में रहिमालन बाबा का मंदिर है। मंदिर इलाके और आसपास गांव के ग्रामीणों की आस्था का केंद्र है। मंदिर की जमीन के 28 फिट क्षेत्र में गैंगस्टर ने दो मंजिल निर्माण कराकर कब्जा किया था। इसलिए अतिक्रमण ढहाया गया है। सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि एक और नया गैंगस्टर का मुकदमा पप्पू और उसके भाई पर जल्द ही दर्ज किया जाएगा। अपराध से अर्जित की गई संपत्ति कुर्क की जाएगी।