फतेहपुर। साढ़े छह साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर रुपये जमा कराने वाले चिटफंड कंपनी के तीन संचालकों पर 86 लाख की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
दरियापुर अकीलाबाद निवासी रामकिशोर प्रजापति ने 15 लाख 14 हजार 835 रुपये और अशोक नगर निवासी योगेश प्रजापति ने 70 लाख 45 हजार 700 रुपये की धोखाधड़ी और ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि कंपनी मुराइनटोला स्थित विवेक विला आंगनवाड़ी कार्यालय की पहली मंजिल पर संचालित होती थी। ठगी करने में दूलापुर निवासी रामआसरे प्रजापति, पश्चिम बंगाल प्रांत के आसनसोल जिला अरविंद नगर निवासी अवधूत कुमार मंडल, महाराष्ट्र वेस्ट मुंबई जागेश्वरी सोसाइटी उक्ता कोआपरेटिव बोर्ड निवासी डॉ. पृथ्वीपाल सिंह सेठी शामिल रहे।