प्रेमनगर/जहानाबाद। तीन सड़क हादसों में दो युवकों और एक महिला की मौत और चार लोग घायल हो गए। जहानाबाद में ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद अवैध मिट्टी खनन का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी दाताराम पासवान (25) साइकिल से चचेरे भाई रजित पासवान (18) के साथ सब्जी खरीदकर देर शाम साढ़े आठ बजे सुल्तानपुर घोष से घर लौट रहा था। तभी चौकी चौराहे की ओर आ रही बोलेरो ने साइकिल में टक्कर मार दी। हथगाम सीएचसी में दाताराम को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पर मृतक के परिवार के रोशनलाल पासवान और संदीप बाइक से हथगाम जा रहे थे। बाइक सवारों को डीसीएम ने चौकी चौराहे के पास टक्कर मार दी। इससे वह दोनों भी घायल हो गए।
चांदपुर थाना क्षेत्र के औरा निफ्सी निवासी पंकज प्रजापति (26) ट्रैक्टर चालक था। वह कस्बे में खनन में मिट्टी ढुलाई का काम करता था। चालक सुबह ट्राली में मिट्टी लादकर चंदागली स्थित तालाब की पुराई करने जा रहा था। थाने के कापिल मार्ग पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर पंकज की मौत हो गई। ग्रामीणों ने अवैध खनन का लगाकर हंगामा किया।
विजयीपुर संवाद के मुताबिक साधुवापुरवा निवासी सुरेश सिंह अपनी 40 वर्षीय पत्नी रन्नो देवी के साथ साइकिल से खेत से लौट रहे थे। तभी रक्षपालपुर की तरफ से आ रही बोलेरो ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे रन्नो देवी की मौत हो गई। सुरेश सिंह घायल हो गए। मृतका रन्नो देवी के दो पुत्र सूरज, आर्यन, चार पुत्रियां प्रीती देवी, ललिता देवी, सविता देवी, अंजली देवी हैं।