फतेहपुर। सदर कोतवाली में जिस युवक की हत्या का चार माह पहले मुकदमा दर्ज हुआ था, उसे झांसी पुलिस ने जिंदा पकड़ा है। कोतवाली पुलिस युवक को लेने के लिए रवाना हुई है।
अमरजई मोहल्ला निवासी खलीकउर रहमान की पत्नी साबरा बेगम ने बेटे जियाउर रहमान की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। साबरा बेगम का आरोप था कि बेटे की शादी 18 मार्च 2001 को उन्नाव के महिदयाना निवासी सूफिया खातून के साथ की थी। 15 साल पहले बहू बेटे को अपने साथ मायके उन्नाव ले गई थी। वह लोग उन्नाव आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं। उसका बेटा 10 जून 2021 को फतेहपुर घर आया था। उसने पत्नी के किसी युवक के साथ गलत रिश्ते होने की बात कही थी। रिश्ते का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। उनकी दहशत के कारण वह घर लौट आया है।
कुछ दिन बाद बेटे को लेने बहू, अपनी मां मुस्तरी बेगम, बहन राबिया खातून और मोहम्मद अजीम के साथ घर आई। बेटे को बहलाकर साथ ले गए। 30 जून 2021 से बेटे का फोन बंद हो गया। उसे जानकारी पर पता चला कि चारों ने मिलकर बेटे की हत्या कर दी और लाश को गंगा नदी में फेंक दिया है। इस मामले में नौ जून को कोर्ट के आदेश पर चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया युवक झांसी में जिंदा मिला है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।