फतेहपुर। मर्चेंट नेवी में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसपी के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहनखेड़ा निवासी रोहित कुमार ने बताया कि मर्चेंट नेवी में सी फेसर के पद पर शिप में नौकरी दिलाने के लिए चार साल पहले हरिहरगंज निवासी शैलेंद्र सिंह व आशुतोष सिंह उर्फ शिवम ने चार लाख रुपये लिए थे। उसे नौकरी नहीं मिली। रुपये भी हड़प लिए। दोनों मर्चेंट नेवी में नौकरी करते थे। ठगी में शैलेंद्र का भाई विकास यादव भी शामिल है। वह फर्जी कागजात तैयार कराता है। इनके सहयोगी आईटीआई रोड निवासी जीतेंद्र उर्फ पिंटू दुबे, प्रशांत सिंह उर्फ दीपू यादव, पीरनपुर निवासी प्रवीन यादव उर्फ पप्पू पाइनियर बेरोजगारों को नौकरी के बहाने से रुपये वसूलते हैं। कई लड़कों से रुपये वसूल चुके हैं।
वीजा और फर्जी कागजात के आधार पर मर्चेंट नेवी के बहाने विदेश भेजते थे। विदेश में छोटी नाव पर मजदूरी कराते हैं। उधर, शैंलेंद्र सिंह ने बताया कि 14 सितंबर को सुुरेश शुक्ला और उसके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उसी खुन्नस में साजिश रचकर उनके खिलाफ अब मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।