बहुआ। छेड़खानी का विरोध करने की खुन्नस में स्कूल बस चालक ने छात्रा के अश्लील फोटो बनवाकर चौराहे पर चस्पा कर दिए। पुलिस ने बस चालक और फोटो बनाने वाले कंप्यूटर शॉप के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ललौली थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी राधानगर स्थित एक इंटर कालेज में कक्षा 12 की छात्रा है। पति सेना में सूबेदार हैं। उनकी तैनाती लेह लद्दाख में हैं। गांव का अमित कुमार इंटर कालेज की बस चलाता है। बस चालक बेटी से छेड़खानी करता था। इस कारण एक माह से बेटी कालेज की दूसरी बस से आने-जाने लगी। इसकी खुन्नस बच चालक मानने लगा।
दूसरी छोटी बेटी 12 सितंबर की सुबह स्कूल जा रही थी। उसने चौराहे पर दीवार में बड़ी बेटी का अश्लील पोस्टर लगा देखा। फोटो के नीचे मोबाइल नंबर लिखा था। पोस्टर कई जगहों पर चिपके थे। पोस्टर फाड़कर हटाए गए। बेटी को ब्लैकमेल करने के इरादे से बस चालक द्वारा पोस्टर बनवाने का पता लगा। पोस्टर अल्लीपुर निवासी अमरदीप की दसवांमील स्थित दुकान से बनवाए गए हैं। इसमें चेहरा बेटी का लगा है। फोटो से छेड़खानी कर अश्लील पोस्टर बनाया गया है। पुलिस ने दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि आईटी एक्ट, छेड़खानी समेत कई धाराओं में आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।