बिंदकी। नौकरी के लिए मलेशिया पहुंचे एक युवक को एयरपोर्ट में पकड़ लिया गया। फर्जी कागजात मिलने पर सात दिन तक हिरासत में रखने के बाद छोड़ दिया गया। लौटकर आए युवक ने शुक्रवार को विदेश भेजने वाले युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के काजीखेड़ा गांव निवासी भूपेंद्र ने तहरीर देकर बताया कि बिंदकी रारी बुजुर्ग के रहने वाले एक युवक ने उसे मलेशिया में नौकरी दिलाने की बात कही थी। उससे 40 हजार रुपये लिए थे। वह 11 अगस्त को युवक से सारे दस्तावेज लेकर चेन्नई एयरपोर्ट से मलेशिया पहुंचा।
नौकरी के लिए युवक ने मलेशिया में अपने दोस्त को 60 हजार रुपये देने के लिए कहा था। वह रुपये भी साथ ले गया था। मलेशिया एयरपोर्ट में जांच दौरान पुलिस अधिकारियों ने वीजा फर्जी, होटल बुकिंग समेत अन्य दस्तावेज फर्जी बताए।
पुलिस ने एयरपोर्ट के लॉकअप में उसे सात दिन तक हिरासत में रखा। सात दिन बाद मलेशिया की पुलिस ने उसे वापस भेजा। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। धोखाधड़ी करने वाले युवक की तलाश की जा रही है।
अमौली। चांदपुर थाना क्षेत्र के धाना गांव निवासी गुलाब ने थाने में तहरीर देकर छोटा भाई ध्रुव कुमार की गुमशुदगी दर्ज कराई है। गुलाब ने बताया कि 12 अगस्त को ध्रुव बुआ को छोड़ने कानपुर नौबस्ता बंबा छोड़ने गया था।
बारादेवी के पास से एक ट्रक में खलासी के काम पर चला गया था। इसके बाद से ही वह लापता है। थानाध्यक्ष किशन सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर जांच की जा रही है।