फतेहपुर। दो युवकों की मौत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अलग-अलग स्थानों पर युवकों के शव फंदे से लटके मिले थे। घटनाएं ललौली और हथगाम थाना क्षेत्र में र्हुइं थीं।
ललौली थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित ढाबा के पीछे बांदा के चिल्ला निवासी लालाराम (30) का शव 22 अप्रैल को पेड़ पर लटकता मिला था। मृतका की मां रामदेइया ने पुत्र की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। रामदेइया ने आरोप लगाया कि गांव के रहने वाले एक परिवार के रामचंद्र, गया प्रसाद, रामपाल, विजय कुमार, गोरे ने उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी थी। साजिश के तहत लालाराम को 22 अप्रैल की सुबह बहाने से ललौली ले गए। पांचों ने फांसी के फंदे पर लटका कर उसकी हत्या कर दी थी। कोई कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। थानाध्यक्ष आलोक पांडे ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
हथगाम थाना क्षेत्र के सरायंसाबा नट डेरा निवासी लईक अहमद (35) का 11 मार्च को चकभुनगापुर गांव किनारे चिलवर के पेड़ पर शव लटकता मिला था। भाई नकीम ने चक भुनगापुर नट डेरा निवासी मोबीन, अमरीक, दिलशाद के खिलाफ लईक की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि भाई को 11 मार्च की शाम तीनों अपने साथ ले गए थे। लुंगी के फंदे से पेड़ पर लटका कर हत्या कर दी थी। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।