फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के 57 किसानों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिंदकी कोतवाली में तैनात एसएसआई राजेश कुमार सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 27 अगस्त को दोपहर एक बजे वह दिवसाधिकारी के रूप में कार्य कर रहे थे। तभी राकेश टिकैत किसान यूनियन के अशोक उत्तम निवासी फरीदपुर, नवल पटेल, हरदौली के ज्ञानेंद्र पटेल, कोरइया के जय सिंह यादव, बैरमपुर के हसन रजा, अनीस अजहर, सईद अली, गुड्डू, मोईद अहमद, खुर्शीद अहमद, हरदौली के रोहित, नीरज, सुभाष, रामराज, घरहीखेड़ा के कप्तान, बैरमपुर के मुशीर, बाबू, बैरमपुर के समकीन, चकमदा जैनपुर के शहजादे, खंजालपुर के रामसहाय पटेल, हरदौली के शुभम व जहानपुर की ममता गुप्ता और 30 से 35 अज्ञात महिला, पुरुष कोतवाली आए। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। थाने का घेराव किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने मांग रखी कि उनके खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे खत्म किए जाए।
ढाई से तीन घंटे तक सरकारी कार्य बाधित रहा। मांग पत्र में मोईद अहमद, खुर्शीद अहमद, ज्ञानेंद्र पटेल, जय सिंह यादव के खिलाफ मुकदमों को खत्म करने की मांग की है। मुकदमे खत्म नहीं करने पर धरने की धमकी दी। सीओ परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है।