चौडगरा। मजदूरी की तलाश में कस्बा आ रहे आ रहे बाइक सवार मजदूरों को शुक्रवार सुबह ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे एक मजदूर की मौत और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के उमरिहा बाजार निवासी राकेश कुमार (40), रणविजय, ननकू एक बाइक से मजदूरी की तलाश में चौडगरा आ रहे थे। तभी बिंदकी रोड ओवरब्रिज पर चौडगरा से बकेवर की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार उछलकर रोड पर गिरे। राकेश ट्रक की चपेट में आने से कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देखकर भीड़ लग गई। पुलिस ने घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया। हादसे से 20 मिनट तक ओवरब्रिज पर यातायात बाधित रहा। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। मृतक के बेटे संदीप ने बताया कि आठ साल पहले मां शशिकला की मौत हो गई थी। इसके बाद पिता ही उनका सहारा थे। हादसे में पिता का साया भी छिन गया है। उससे छोटे दो भाई और दो बहन हैं। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।