फतेहपुर। प्रेम विवाह करने वाली महिला की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर मारपीट कर जहर पिलाने का आरोप लगाया है।
भुनगापुर कप्तान नगर का डेरा निवासी अब्दुल ने बताया कि उसकी बेटी अस्लीमुन (22) का गांव के रहने वाले जलीस से प्रेम प्रसंग था। उन दोनों को एक साथ गांव वालों ने देख लिया था। मामले को लेकर पंचायत हुई थी। मामला थाने तक पहुंचा। तभी दोनों का निकाह तय हुआ। निकाह के बाद बेटी की विदाई हुई। शादी के समय जलीस ने दो लाख रुपये की मांग रखी थी। निकाह के बाद बेटी को जलीस और ससुरालीजन दो लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। कुछ माह पहले उसने एक लाख रुपये दिए थे। इसके बाद भी प्रताड़ित करते थे। एक पखवारे पहले बेटी ने एक बच्ची को जन्म दिया।
मंगलवार को ससुरालीजनों ने मारापीटा। उन्हें आशंका है कि पिटाई के बाद जहरीला पदार्थ खिला दिया। बेटी को शहर के एक नर्सिंग होम लेकर आए। यहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर कानपुर हैलट रेफर किया। कानपुर ले जाते समय ही बेटी की मौत हो गई। उधर, जलीस ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते अस्लीमुन ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष अश्वनी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।