बहुआ। शराब पीने के लिए रुपये न देने पर मां से विवाद के बाद शुक्रवार रात एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। उसने मां के सामने फंदा लगाया। मां ड्रामा करने की बात कहते बड़बड़ाती रही। हकीकत में फंदे पर लटकने से जान जाने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
ललौली थानाक्षेत्र के कोर्राकनक निवासी अमित सिंह (30) अविवाहित था। बेरोजगारी के चलते पिता युगराज सिंह उर्फ बान सिंह के साथ खेतीवाड़ी में हाथ बंटाता था। मां अशोक देवी ने बताया कि बेटा अमित नशे में घर आया था। उसके बाद भी शराब पीने के लिए रुपये की मांग रहा था। उसने रुपये देने से मना कर दिए। इस पर विवाद करने लगा और आत्महत्या की धमकी देने लगा।
उन्हें लगा कि रुपयों की खातिर ड्रामा कर रहा है। इसी दौरान अमित बरामदे की छत पर लगे हुक में नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटक गया। घर में किसी के न होने पर पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया। पड़ोसियों ने फंदे से बेटे को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी जान चुकी थी। घटना से बहन नेमा देवी व भाई ललतू सिंह का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।