बिंदकी (फतेहपुर)। मोहर्रम ड्यूटी के दौरान शनिवार रात पुलिस ने एक कार को रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक ने पुलिस पर कार चढ़ाने का प्रयास किया।
कोतवाल समेत पुलिस कर्मी और राहगीर बाल-बाल बचे। तस्कर पुलिस को धक्का देकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने कार से गांजा बरामद किया है।
बिंदकी कोतवाली के बजरिया बड़ा कुआं में मोहर्रम को लेकर काफी भीड़भाड़ थी। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ वहां गश्त कर रहे थे।
इस दौरान बिंदकी की ओर से आ रही कार सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर पुलिस कर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया।
कर्मियों ने पीछे हटकर जान बचाई। राहगीर भी कार की चपेट में आने बचे। पुलिस ने कार का पीछा किया। तभी कार छोड़कर सवार चार युवक भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
धक्का मुक्की कर चारों भाग निकले। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया। कार की तलाशी ली गई तो सवा किलो गांजा, तीन चाकू और रस्सी बरामद हुई।
कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि फरार कार सवारों का पता लगाया जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों से हाथापाई, हत्या का प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।