फतेहपुर जिले में हाईवे पर 40 लाख कीमत के टायर लदा ट्रक लूटने वाले लुटेरों पर पुलिस ने गैंगस्टर लगाया है। इन बदमाशों ने सवारी के रूप में ट्रक में बैठकर लूट को अंजाम दिया था। सभी पांच बदमाश जेल में बंद हैं। थरियांव प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह ने राम सिंह का पुरवा निवासी राहुल चंदेल, तुन्ना निवासी साजन उर्फ विनय गौतम, कानपुर के सचेंडी थाने के भीमसेन निवासी सागर कुमार गौतम, अकबरपुर कानपुर देहात के किशरबल रोड रनिया निवासी शिवम यादव, कानपुर नगर के थाना पनकी के प्रतापपुर सरसई निवासी मिथुन उर्फ अमर सिंह के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक इनका संगठित गिरोह है। गैंग लीडर राहुल चंदेल है। गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर लूट व डकैती जैसे जघन्य अपराध करते हैं। इस गिरोह ने 10 दिसंबर 2021 को कानपुर-प्रयागराज मार्ग थरियांव थाने के आमापुर के पास 312 अपोलो टायर लदे ट्रक को लूटा था।
20 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर चालक इटावा निवासी रामकुमार को बंधक बनाकर उन्नाव जिले के बीघापुर इंदमऊ के पास फेंका था। पुलिस ने कानपुर के अकबरपुर से 25 दिसंबर को ट्रक व टायर बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बदमाशों ने 167 टायर बेच दिए थे। उनसे टायर बिक्री के सात लाख 19 हजार रुपये बरामद किए थे। पुलिस ने 24 फरवरी को चार्जशीट दाखिल की थी।