फतेहपुर। जमीन बेचने का झांसा देकर चचेरे भाई ने चार लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी आबूनगर निवासी सतीश चंद्र ने बताया कि पुश्तैनी संपत्ति पर दिवंगत चचेरे भाई रामानंद का हिस्सा था। उससे रामानंद के पुत्र रोहित ने अपना हिस्सा बेचने की बात कही। बातचीत होने पर दूसरे चचेरे भाई ब्रम्हानंद ने भी जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा।कई साल से परिवार के साथ ब्रम्हानंद लखनऊ शहादतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता में रहता है। दोनों से दिसंबर 2022 में बैनामा करने की बात तय हुई। रोहित के बैनामे के समय ब्रम्हानंद ने बीमार होना बताया और बाद में बैनामा करने की बात कही। पांच फरवरी 2023 को ब्रम्हानंद ने इनकम टैक्स रिटर्न में लेनदेन दर्शाने की बात कही। रुपये एडवांस खाते में डालने के दो दिन बाद बैनामा का भरोसा दिया। विश्वास में आठ फरवरी को चार लाख रुपये ब्रम्हानंद के खाते में डाले। इसके बाद से बैनामे को टरकाने लगा। कुछ दिन बाद बैनामे से मना कर दिया। मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।