फतेहपुर। रुपयों की मांग पूरी न होने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी देने से क्षुब्ध होकर युवक की आत्महत्या का महिला व उसके पति के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मलवां पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
मलवां थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव निवासी रामशिरोमण ने बताया कि उसका भाई राम सिंह चार पहिया वाहन का ड्राइवर था। उसे गांव की विमला पत्नी धर्मपाल उर्फ शीबू ने करीब एक साल से प्रेमजाल में फंसा रखा था। वह अपनी सारी कमाई विमला को ही सौंप देता था। रुपये न होने पर कर्ज लेकर विमला का खर्च पूरा करता था। इसका पता लगने पर उन लोगों ने विमला से शिकायत की। शिकायत से विमला व उसका पति भड़क उठे। वह बोले कि राम सिंह बहुत दिन तक जिंदा नहीं रहेगा। भाई से 26 जुलाई को विमला और उसके पति रुपये की मांग की। रुपये न होने पर भाई ने मना कर दिया। उसे विमला ब्लैकमेल करने लगी। दुष्कर्म की थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देकर प्रताड़ित करने लगी। इसी तनाव में भाई रामसिंह ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पूर्व भाई के मोबाइल पर 11 बार विमला ने फोन कर धमकी दी थी। रामशिरोमण ने बताया कि मामले की पुलिस से शिकायत की गई। सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।