ललौली। बहुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत चक इटौली में विकास कार्यों में धांधली की शिकायत की जांच में हीलाहवाली को लेकर ग्रामीणों ने भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। 23 जनवरी से अटल चौक में आंदोलन की तैयारी है। ग्रामीण संतोष तिवारी (56), संगम तिवारी (75) और अवधेश अग्निहोत्री (80) ने 12 नवंबर 2025 को रजिस्टर्ड डाक से जिलाधिकारी को शपथपत्र के साथ शिकायत भेजी थी। शिकायत में ग्राम प्रधान और सचिव पर पंचायत के विकास कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाया था। शिकायत पर जिलाधिकारी ने 16 दिसंबर 2025 को जांच समिति गठित कर 30 दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। समिति में जिला समाज कल्याण अधिकारी, तकनीकी सहायक लघु अभियंता और जिला पंचायत लेखा परीक्षा अधिकारी शामिल थे। आरोप है कि तय समय सीमा बीतने के बावजूद जांच नहीं हुई। न्याय न मिलने क्षुब्ध ग्रामीणों ने 23 जनवरी से लखनऊ के अटल चौक, जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।