फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी 14 जून को इंटरमीडिएट के सात टॉपरों को सम्मानित करेंगे। हाईस्कूल के किसी भी छात्र को यह सम्मान हासिल नहीं होगा। उसकी वजह यह है कि जिले से दसवीं का एक भी छात्र प्रदेश की टॉप फाइव सूची में स्थान नहीं बना सका है। इसी तिथि को 29 जिला टापर छात्र-छात्राओं को डीएम श्रुति कलक्ट्रेट के सभागार में सम्मानित करेंगी।
सीएम हाईस्कूल एवं इंटर के प्रदेश टाप फाइव सूची में शामिल मेधावियों को लोकभवन सभागार लखनऊ में सुबह 11 बजे सम्मानित करेंगे। यह सम्मान पाने वालों में इंटर के प्रियांशू उपाध्याय, विक्रम सिंह सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज रघुवंशपुरम, खुशी, आकांक्षा और संजना इंटर कालेज मुस्तफापुर के अलावा आशू कुमार इंटर कालेज बरएपुर शामिल हैं। टापरों को मुख्यमंत्री एक लाख की प्रतीकात्मक चेक, एक टेबलेट, प्रशस्तिपत्र और मेडल अपने हाथों से प्रदान करेंगे। इन मेधावियों के साथ उनके माता पिता का मुख्यमंत्री सम्मान करेंगे।
उधर, इसी तिथि के डीएम कलक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 बजे इंटर के 17 और हाईस्कूल के 12 जिला टॉपरों को सम्मानित करेंगी। इनमें प्रदेश टापटेन सूची में शामिल मेधावी को एक लाख नकद, टेबलेट, प्रशस्तिपत्र और मेडल मिलेगा। जिला टापरों को 21 हजार नकद, एक टेबलेट, प्रशस्तिपत्र और मेडल डीएम प्रदान करेंगी।