किसान प्रेमा देवी से बैटरी चालित मशीन से दवा छिड़काव की जानकारी लेते निदेशक। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
अमौली। खेत किसान प्रोड्यूसर कंपनी के बीज प्रसंस्करण इकाई भ्रमण करने के लिए यूएसए की बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की चार सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने महिला किसानों से खेती से आत्मनिर्भर बनने के तरीके पूछे। दिल्ली से आई गाइड निधि ने दोनों तरफ की बातों का अनुवाद कर बताया।
गौरीपुर गांव में शाम साढ़े चार बजे विदेशी टीम पहुंची। ग्रामीणों से मिलकर आत्मनिर्भरता के विषय में जानकारी ली। क्रिस्टीना ने भगौनापुर की ललिता से खेती के विषय में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि केला की फसल तैयार कर एफपीओ के माध्यम से बाजार में बिक्री करते हैं। अनामिका ने दाल बनाकर पैकिंग कर बाजार में बेचने का तरीका बताया। बोधीपुर की सुलेखा ने मशरूम की पैदावार के अनुभव बताए।
ईवा ने हुसेनाबाद की प्रेमा से फसलों में मशीन से दवा छिड़काव की जानकारी ली। टीम के अनु और डेविड ने भी लोगों से बात की। खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह ने मनरेगा में कार्य कराने वाली मेट महिलाओं से मुलाकात कराई। भुवन भाष्कर द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2016 में एफपीओ का गठन किया था। इस समय 250 महिलाएं और 750 किसान सदस्य हैं। इस मौके पर एफपीओ के निदेशक रवींद्रपाल सिंह, श्यामू द्विवेदी, सौरभ तिवारी, पूनम मिश्रा और अर्जुन सिंह मौजूद रहे।