शादीपुर नाका रोड का निरीक्षण करतीं केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के साथ डीआरएम मोह
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। शहर के सादीपुर रेलवे क्रासिंग पर बनाए जाने वाले आरओबी की चौड़ाई पर्याप्त जगह न मिलने पर सिविल क्षेत्र में कम हो जाएगी। 18 मीटर की जगह 16 मीटर ही चौड़ा होगा। डिजाइन बनने पर थोड़ी बहुत कम या ज्यादा हो सकती है। शनिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के साथ रेलवे के प्रयागराज डीआरएम मोहित चंद्रा ने निरीक्षण किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने आरओबी की चौड़ाई कम करके निर्माण कराने की बात कही। इस पर डीआरएम ने सहमति जताई है।
डीआरएम मोहित चंद्रा शनिवार को दोपहर एक बजे कालका एक्सप्रेस से रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। प्लेटफार्म दो व तीन का निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन के लिए नौ करोड़ 92 लाख रुपये प्रस्तावित पैदल पुल बनाए जाने वाले स्थान को देखा। फिर केंद्रीय राज्यमंत्री के साथ रेलवे क्रासिंग पर पहुंचे। डीआरएम ने कहा कि रेलवे साइड में तो आरओबी बनाने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन सिविल क्षेत्र में पर्याप्त चौड़ाई नहीं है। आरओबी बनाने में सिविल क्षेत्र में 18 मीटर चौड़ाई होनी चाहिए। अतिक्रमण हटाने के बाद भी सिर्फ 16 मीटर ही चौड़ाई मिली है। इस पर साध्वी ने कहा कि एप्रोच को थोड़ा संकरा कराकर आरओबी का निर्माण कराया जाए। रेलवे के अधिकारियों ने सहमति जताई। इस मौके पर एडीईएन अचित जैन, स्टेशन अधीक्षक एमएस मिश्रा, वाणिज्य कर निरीक्षक ललित गुप्ता, आरपीएफ प्रभारी एके यादव, कुलदीप सिंह, प्रदीप द्विवेदी, गायत्री सिंह और डॉ. शिवप्रताप त्रिपाठी मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने अधिकारियों के साथ डाक बंगले में बैठक की। सीडीओ सत्यप्रकाश व पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता से कहा कि रेलवे को नगर पालिका व पीडब्लूडी की एनओसी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सोमवार से पीडब्ल्यूडी, ब्रिज कॉरपोरेशन व राजस्व के अधिकारी रेलवे क्रासिंग के दोनों ओर की माप कराकर डीपीआर तैयार कराई जाए। ताकि शासन को भेजा जा सके।