बहुआ/चौडगरा। बारिश से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने के कारण 350 गांवों की बिजली गुल रही। इस बीच बहुआ नगर पंचायत की जलापूर्ति बंद रही। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
बहुआ और दतौली उपकेंद्र को दरवेशाबाद ट्रांसमिशन के एक ही 33 केवीए लाइन से बिजली आपूर्ति दी जाती है। गुरुवार रात करीब दो बजे बारिश के समय हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया। इससे बहुआ और दतौली उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद होने से 250 गांव प्रभावित रहे। इन उपकेंद्रों से ललौली, बहुआ कस्बा, सिधांव, पवारनपुर, गौरी, महना, कोण्डार, परेठी, थवाई, रामपुर, उरौली, दसौली, महाखेड़ा, कीर्तिखेड़ा, अजमतपुर, तपनी, अकिलाबाद, दरियापुर, बरवट, गोझ, मुत्तौर मूसेपुर, गंगाईपार, पखरौली, बरौहां, बड़ागांव, सुजानपुर, गौरी, चंदौरा, दतौली, करैहा, कोर्राकनक समेत अन्य कई गांवो को बिजली दी जाती है। शुक्रवार शाम फाल्ट सही होने पर आपूर्ति बहाल हो सकी।
चौडगरा कस्बे के उपकेंद्र को मलवां ट्रांसमिशन से आने वाली 33 केवीए लाइन में गुरुवार रात 11 बजे फाल्ट हो गया। इससे ग्रामीण फीडर मौहार, शाहजहांपुर, तेंदुली, आशापुर, गुनीर फीडर से जुड़े 100 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्ट्रियां बंद हो गईं। एक शिफ्ट के मजदूरों की छुट्टी करनी पड़ी। अवर अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि रात में पेड़ गिरने से ब्रेकडाउन हो गया था। सही कराकर कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।