महाखेड़ा गांव मे बांदा टांडा हाइवे के गड्ढों में फंसी 102 एम्बुलेंस। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बहुआ। जिला अस्पताल से प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा को घर छोड़ने जा रही 102 एंबुलेंस बांदा-कानपुर हाईवे पर महाखेड़ा गांव के पास गड्ढे में फंस गई। इससे दो घंटे जाम लगा रहा। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर से बांधकर किसी तरह एंबुलेंस को गड्ढे से बाहर निकाला गया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।
ललौली क्षेत्र के यमुना कटरी गांव रेंय निवासी ननका की बेटी सोनी को जिला अस्पताल में प्रसव हुआ था। अस्पताल से छुट्टी के बाद जच्चा व बच्चा को एंबुलेंस गांव छोड़ने जा रही थी। ललौली थाना क्षेत्र के महाखेड़ा के पास गुरुवार सुबह 10 बजे एंबुलेंस पहुंची। तभी गड्ढे में टायर फंसने से जाम लग गया। दो घंटे जाम लगने के कारण हाईवे के दोनों तरफ चार-चार किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। एक ओर महाखेड़ा गांव से बंधवा व दूसरी ओर शिवरी गांव तक जाम लगा रहा। कुछ वाहन चालक इधर-उधर का रास्ता पकड़ते हुए चक्कर लगाकर निकले। जाम में फंसे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।