फतेहपुर। ई-रिक्शा में सवार एक महिला के गले से चार महिलाओं ने चेन काटकर पार कर दी। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौंती गांव की रहने वाली सुषमा देवी ने तहरीर में बताया कि वह राधानगर स्थित विष्णुपुरी कॉलोनी में मायके आई थीं। 24 अप्रैल को वह ई-रिक्शा से बहन के घर पक्का तालाब जा रही थीं। बाकरगंज पुलिस चौकी के पास चार नकाबपोश महिलाएं भी ई-रिक्शा में सवार हो गईं। कुछ देर बाद सभी महिलाएं आपस में विवाद कर धक्का-मुक्की करने लगीं। आरोप है कि महिलाओं ने उनके गले से करीब 15 ग्राम सोने की चेन काटकर चोरी कर ली। बहन के घर पहुंचने पर जानकारी हुई। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिलाओं की तलाश की जा रही है।