थरियांव। सेंध लगाकर चोर दो घरों से नकदी-जेवर व कपड़ों के बक्से उठा ले गए। नकदी, जेवर चुराने के बाद बक्से व अन्य सामान छोड़ गए। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची।
थरियांव थाना क्षेत्र के मुसईपुर गांव निवासी चंद्रपाल ने बताया कि वह सोमवार को पत्नी अंजली की दवा कराने के लिए बहन के गांव गए थे। घर में छोटा भाई व पिता थे। रात में दोनों घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान घर के पीछे की दीवार में चोर सेंध लगाकर नकदी व जेवर के बक्से उठा ले गए। घटना का सुबह पता लगा।
घर के पीछे बक्सों में सामान बिखरा पड़ा मिला। बक्से से नकदी व 60 हजार कीमत के जेवर चोर चुरा ले गए हैं। इसके बाद चोर पड़ोसी रामआसरे पासवान के घर में भी सेंध लगाकर नकदी व जेवर चुरा ले गए। रामआसरे ने बताया कि करीब 35 हजार का माल चोरी हुआ है। उसके घर के पीछे दीवार में सेंध लगाकर चोर बक्सा उठा ले गए हैं। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।