फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि 10 सितंबर 2022 की शाम वह खेत से घर आ रही थी। रास्ते में गांव के विनोद कुमार, बलराम सिंह, मनोज खेत की ओर ले गए। तीनों ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि विनोद के घर शिकायत लेकर पहुंची। जहां विनोद की पत्नी ममता ने उसे गाली गलौज की।
घर से उसे भगा दिया। पीड़िता ने घटना की शिकायत थाने में की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे टरका दिया। कोई कार्रवाई न होने पर महिला ने कोर्ट की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।