फतेहपुर। मजदूरी से मना करने पर अनुसूचित जाति के युवक को पीटने के बाद उल्टा साजिश के तहत चोरी के आरोप का मामला दर्ज कराने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की शिकायत डीजीपी,सीएम व एससी-एसटी आयोग से की गई थी।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सैरपुर निवासी रामराज पासवान की पत्नी फूलमती ने एफआईआर में बताया कि पुत्र संजय को गांव के रामस्वरूप सिंह भदौरिया ने अपने दरवाजे बुलाया। धान काटने की मजदूरी का पुत्र पर दबाव बनाने लगा। उसने मजदूरी से मना कर दिया। इसी खुन्नस में रामस्वरूप ने अपने पुत्र अनुपम सिंह संग संजय को डंडे से पीटा। शोर सुनकर बहू चुनकी देवी व रामदुलारी पहुंची। बीच-बचाव में जातिसूचक शब्द बोलकर दोनों को लात घूंसो से पीटा।
इसके बाद पुत्र के खिलाफ 20 सितंबर को चोरी के आरोप मुकदमा दर्ज कराया। जबकि 17 सितंबर को ही पुलिस ने संजय का मेडिकल परीक्षण कराया था। सीएचसी से संजय को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसके पैर का ऑपरेशन हुआ। पुलिस ने आरोपी पक्ष की मिलीभगत होने की वजह से कोई सुनवाई नहीं की। पीड़ित ने मामले की सीएम, डीजीपी, एससी-एसटी आयोग से शिकायत की थी। आयोग के आदेश पर पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।