फतेहपुर। शहर के बड़े सराफा कारोबारी आनंद स्वरूप रस्तोगी के प्रतिष्ठान में रविवार दोपहर लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। दो युवकों ने गाली-गलौज के बाद सराफ को सिर कलम करने धमकी तक दे डाली। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। पुलिस ने मौके की जांच की। सराफा की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
लाठी मोहाल में आनंद स्वरूप रस्तोगी का प्रतिष्ठान और आवास है। पड़ोस में आबूनगर निवासी नौशाद अहमद और अल्ताफ अहमद की जूते-चप्पल की दुकान हैं। नौशाद ने 2020 में जेवर गिरवी रखकर 70 हजार रुपये का कर्ज लिया था। ब्याज समेत एक लाख नौ हजार रुपये का हिसाब हुआ था।
रुपये जमा करने के बाद नौशाद जेवर भी ले गया था। आरोप है कि दोपहर करीब 11 बजे नौशाद व अल्ताफ प्रतिष्ठान पहुंचे। अधिक ब्याज लेने का आरोप लगाकर वह लोग सराफा से अभद्रता व गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड आ गए। उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। इसी दौरान नौशाद ने सराफ को सिर कलम करने की धमकी देकर प्रतिष्ठान के बाहर आ गया। प्रतिष्ठान के बाहर भी गाली-गलौज की।
हंगामा देखकर दुकानदारों की भीड़ लग गई। चौकी प्रभारी प्रवीण यादव और सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष पप्पन रस्तोगी भी पहुंचे। सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग सुनी गई। दूसरा पक्ष को भी बुलाया गया। नौशाद ने बताया कि रुपये पहले जमा कराए गए थे। बुलावे के समय भाई जेवर लेने पहुंचा था। उसे टरका दिया गया था। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि लेनदेन को लेकर विवाद हुआ है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
रिकार्डिंग सुनने के बाद आरोपी पक्ष हुआ सरेंडर
प्रतिष्ठान में विवाद के बाद पुलिस के सामने पक्षों के बयान हुए। पहले नौशाद पक्ष ने किसी तरह की धमकी व गाली-गलौज से इन्कार कर दिया। सराफा पर ही हाथ मोड़ने व गाली-गलौज का आरोप लगाया। पुलिस के सामने कैमरे की रिकार्डिंग स्पीकर में सुनी गई। स्पीकर में घटनाक्रम साफ हो गया। यह सुनने के बाद नौशाद ने गलती मान ली। वह बोला कि जो सजा देना चाहते हैं वो दे सकते हैं। एक बार पक्षों के बीच समझौते की बात भी बनी। सराफा ने बताया कि धमकी के बाद पूरा परिवार दहशत में है। बेटा राजू की हालत तक बिगड़ गई है।