फतेहपुर। कानपुर प्रयागराज हाईवे पर खागा कोतवाली के महिचा मंदिर के पास गुरुवार रात बाइक सवार जीजा और साले को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टर ने जीजा को मृत घोषित कर दिया। घायल साले को भर्ती किया है। पुलिस ने घायल के मोबाइल से परिजनों को खबर दी।
थाना क्षेत्र के ख्वाजीपुर सेमरईया निवासी अजय कुमार लोधी का पुत्र बबलू (25) अपनी ससुराल कौशांबी जिला सैनी थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव गया था। रात को साले राजेश कुमार को लेकर घर आ रहा था। खागा कोतवाली क्षेत्र के महिचा मंदिर के पास बाइक सवारों को किसी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जीजा और साले दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में डाक्टर ने बबलू को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बाइक नंबर की जांच की। नंबर से पता लगा कि बाइक बबलू की है। माैके पर दोनों के मोबाइल भी मिले। जिससे पुलिस ने परिजनों के सूचना दी। बाइक बबलू चला रहा था। हादसे से बबलू की पत्नी अर्चना देवी, भाई दीपू, मां सुनीता देवी का हाल बेहाल हो गया।
कोतवाली थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।