फतेहपुर। हाईवे पर डंपर चालक ने अचानक ब्रेक मार दी, जिससे पीछे से आ रहे ब्रेड वाहन (लोडर) के चालक ने स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया। ब्रेड वाहन डंपर के पीछे जा घुसा। हादसे में चालक और खलासी की फंसकर मौत हो गई। कटर से लोडर का हिस्सा काटने के बाद दोनों के शव निकाले जा सके। पुलिस ने लोडर मालिक से संपर्क किया, तब शवों की शिनाख्त हो सकी। हादसे में दो लोग गंभीर और तीन मामूली रूप से जख्मी हैं।
हादसा हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग के पास हुआ। लोडर कौशांबी से कानपुर ब्रेड लादने जा रहा था। हादसे में कानपुर देहात सिकंदरा निवासी लोडर चालक शमशाद (35) और कौशांबी जिले के करारी थाने के चक अलैया निवासी खलासी रोहित कुमार (22) की मौत हो गई। मौके पर एसआई शिव कुमार यादव पहुंचे। उन्होंने बताया कि खलासी लोडर मालिक का रिश्तेदार है। हादसा डंपर के अचानक ब्रेक मारने से हुआ है। हादसे में कौशांबी मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के भरसवां निवासी मनोज (25), सैनी थाना क्षेत्र के रामपुर बड़नवा निवासी शंकर (30) गंभीर रूप से घायल हुए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी तीन मामूली घायल मौके से चले गए। यह लोग लोडर में पीछे बैठे थे। समाजसेवी अशोक तपस्वी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कटर मशीन से लोडर के आगे का हिस्सा काटकर शवों को बाहर निकलवाया। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि परिजनों के आने का इंतजार है। उनके आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।