सुंदरमती बालिका इंटर कालेज राधानगर में परीक्षा देती छात्राएं।
- फोटो : board papaer
बोर्ड परीक्षा में शनिवार को जीव विज्ञान के प्रश्नपत्र में नकल रोकने के लिए सचल दल व मजिस्ट्रेट पूरे आधा घंटा बाद निकले। लेखपाल भी कई सेंटरों पर देर से पहुंचे और पहुंचने के बाद भी एक जगह कुर्सी डाले बैठे रहे।
पहली पाली में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट चित्रकला विषय की परीक्षा रही। पहली पाली में सिर्फ डीआईओएस के नेतृत्व वाला सचल दल ही जायजा लेने निकला। दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान विषय की परीक्षा शुरू हुई।
इस दौरान सचल दल प्रभारी डीएम की बैठक में थे। हालांकि बैठक डीएम ने ढाई बजे खत्म कर बोर्ड परीक्षा भ्रमण के लिए सभी को रवाना होने के लिए कह दिया था। इन्हीं के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट रवाना हो पाए। इस तरह से अधिकांश सचल दल और सेक्टर मजिस्ट्रेट शहर के आसपास ही भ्रमण करते दिखाई पड़े।
उधर, ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों में लगे लेखपाल सूखा राहत राशि वितरण की तैयारियों में लग गए हैं, जिससे केंद्रों में अब यदाकदा ही लेखपाल दिखाई पड़ रहे हैं। ऐसी हालत में एक बार परीक्षा केंद्रों में वसूली का दौर फिर से शुरू हो गया है।
डीआईओएस नंदलाल यादव का कहना है कि बोर्ड परीक्षा पूरी तरह से नकलविहीन कराई जा रही है। पहली पाली में चित्रकला की परीक्षा होने के कारण नकल की संभावना कम होती है। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में सभी सचलदल और सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान केंद्रों पर पहुंचे।