अशोथर। कस्बा पुरानी बाजार में नागा बाबा मंदिर के सामने पुरानी खुन्नस के चलते भाजपाई भिड़ गए। एक पक्ष से भाजपा नेता के भतीजे का सिर फटा है। दूसरा पक्ष मारपीट से इंकार कर रहा है।
कस्बा निवासी भूपेंद्र निषाद मछुवारा प्रकोष्ठ जिला संयोजक शिवबरन निषाद का भतीजा है। भूपेंद्र ने बताया कि वह बाइक से सोमवार शाम पुराने घर जा रहा था। नागा बाबा मंदिर के पास सहकारी समिति बैंक डायरेक्टर सेक्टर प्रभारी अनिल राज गुप्ता , भाजयुमो मंडल महामंत्री विमल गुप्ता सामने से आ रहे थे। उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जमीन पर गिरने के बाद अनिलराज गुप्ता, विमल गुप्ता, मुन्ना गुप्ता लोहे की राड और लाठी डंडे से गाली गलौज कर पीटा। सिर फटने से लहूलुहान हो गया। इसके पहले पिता रामबरन को भी प्रताप नगर झाल स्थित ग्रामीण बैंक के पास पीटा जा चुका है। उधर, अनिलराज गुप्ता ने बताया कि उसकी बाइक में भूपेंद्र टकरा गया। अनियंत्रित होकर रोड पर गिरा। पत्थर से टकराने में उसका सिर फटा है। आरोप गलत लगाए जा रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच पुराने लेनदेन का भी विवाद बताया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।