बिंदकी। सिम विक्रेता ने बिंदकी पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस मामले में मारपीट से इंकार कर रही है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर हरकरनपुर गांव निवासी आठ साल के यश की ट्रैक्टर ट्रॉली में दबकर मौत हो गई थी। ट्रैक्टर मालिक संतोष पटेल पर हादसे का आरोप लगा था। मामले में पुलिस संतोष की तलाश में सोमवार रात को घर पहुंची। वहां संतोष के नहीं मिलने पर उसके बेटे हर्षित को उठा लाई। आरोप है कि बिंदकी कोतवाली में तैनात ज्योति अहिरवार व अन्य कर्मियों ने घर में घुसकर गर्भवती भाभी व अन्य परिजनों से गाली गलौज की। घर से उसे रास्ते भर पीटते हुए बिंदकी कोतवाली लेकर आए। थाने में रात को पीटा। आरोप लगाया कि पुलिस किसी ट्रैक्टर हादसे के मामले में झूठा फंसाना चाहती है। उनके पास कोई ट्रैक्टर नहीं है। कहा कि पुलिस की पिटाई से शरीर पर चोटें आई हैं। एसआई ज्योति अहिरवार ने बताया कि हर्षित को पूछताछ के लिए लाया गया। वह घर से कोतवाली तक पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर रहा था। उसका शांतिभंग में चालान किया गया है। मारपीट के आरोप निराधार है। उसके पिता के ट्रैक्टर से एक्सीडेंट हुआ था। उसी प्रकरण की जांच चल रही है। सीओ प्रगति यादव ने बताया कि उनके पास मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी आने पर जांच की जाएगी।