फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज इलाके में मंगलवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार बदमाश छात्र का मोबाइल छीनकर भाग निकले। पीड़ित छात्र ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद छात्र पिता के साथ शहर में घूमकर बदमाशों की तलाश करता रहा।
कोतवाली क्षेत्र के आकूपुर निवासी पवन राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र है। वह पटेल नगर इलाके में कोचिंग पढ़कर शाम को लोधीगंज पहुंचा। वहां पिता की मोटर बाइंडिंग की दुकान है। दुकान पर कुछ देर रुकने के बाद साइकिल से घर जाने लगा। बताया कि रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने साइकिल में लात मारी। इससे वह गिर पड़ा। उसकी जेब से मोबाइल छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले।
उसने कोतवाली में पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पवन पिता के साथ पहचानी बाइक की शहर में घूमकर खोजबीन करता दिखा। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि लड़कों के बीच झगड़ा हो सकता है। उनके पास मोबाइल छीनने का मामला सामने नहीं आया है।