हुसैनगंज। ससुराल से निमंत्रण में जा रहे बाइक सवार जीजा-साले बुधवार रात मवेशियों के झुंड से टकरा गए। हादसे में जीजा की मौत हो गई। साला घायल हो गया। परिजनों ने ससुरालियों पर साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई है। इकलौते पुत्र की मौत से परिजन बेहाल हैं।
थाना क्षेत्र के मूधनपुर गांव के झूरी रैदास के पुत्र अंकित (25) की ससुराल कैथपुरवा में बाबूलाल रैदास के घर है। चाचा राकेश अपनी बाइक से भतीजे अंकित और उसकी पत्नी नीलू को कैथपुरवा छोड़कर घर लौट गया था। ससुराल से अंकित रात को साले विनोद के साथ बाइक से भिटारी गांव निमंत्रण में गया था। निमंत्रण से लौटते समय कैथपुरवा गांव के पास मवेशियों के झुंड में टकरा गया। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची। अंकित को मृत हालत में पाया। घायल साले को जिला अस्पताल भेजा। अंकित के पेट में गहरा घाव था। पुलिस के मुताबिक किसी मवेशी की सींग घुसने से घाव हुआ है। उधर, अंकित के पिता झूरी ने बताया कि बेटे की शादी चार साल पहले हुई थी। बेटा चेन्नई में मजदूरी करता था। वहां से 15 दिन पहले लौटा था। उसका एक साल का बेटा है। वह दो बहनों रीता और अनीता के बीच इकलौता भाई था। ससुरालियों ने साजिश से बेटे की हत्या की है। थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया लगता है कि किसी मवेशी की सींग के सीने में घुसने से युवक की मौत हुई है। परिजनों ने संदेह जताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।