अमौली। जहानाबाद-फतेहपुर मार्ग पर रविवार को बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार हलवाई की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसा चांदपुर थानाक्षेत्र के मदरी गांव के पास हुआ।
कानपुर नगर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के सूखापुर निवासी विनोद कुमार (35) हलवाई का काम करता था। चांदपुर थाना क्षेत्र के गोहरारी गांव में शनिवार को एक बरात में खाना बनाने आया था। बरात के बाद रात को अपनी मौसी के घर चांदपुर थाना क्षेत्र के कुलखेड़ा गांव में आकर रुका था। वह रविवार सुबह हिसाब लेने बरात स्थल आ रहा था। मदरी के पास अमौली मार्ग पर ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक विनोद की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल से चालक ई-रिक्शा लेकर भाग निकला। रिक्शे में टमाटर लदा था। पुलिस के मुताबिक चालक सठिगवां बाजार टमाटर लेकर जा रहा था। वह टमाटर फेंक कर भागा है। थानाध्यक्ष किशन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता छोटे की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।