फोटो संख्या-26एसकेजीपी-02- झुलसे मुकेश कश्यप।
खौलती चटनी से भरा भगौना मासूम पर गिरा, मौत
-मोहल्ला ब्रह्मनगर में मोमोज विक्रेता के घर में हुई घटना, बचाने में पिता भी झुलसा
-परिजनों ने उर्सला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
शुक्लागंज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मनगर में मंगलवार को मोमोज की खौलती चटनी से भरा भगौना गिरने से गंभीर रूप से झुलसी मासूम बच्ची की गुरुवार को सुबह कानपुर के उर्सला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, बेटी को बचाने में झुलसे पिता का शुक्लागंज में इलाज हो रहा है।
मोहल्ला ब्रह्मनगर मुकेश कश्यप मोमोज बेचते हैं। पत्नी मोनिका कश्यप ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 10 बजे पति मुकेश ने छत पर मोमोज की चटनी बनाई थी। तभी उनकी 19 महीने की बेटी आराध्या खेलते-खेलते वहां पहुंच गई और भगौने में हाथ मार दिया। इससे खौलती चटनी से भरा भगौना गिरने से वह झुलस गई। बचाने में पति के भी दोनों हाथ झुलस गए। दोनों को पास के अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर करने पर बेटी आराध्या को कानपुर के उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उर्सला अस्पताल में दो दिन तक सिर्फ ग्लूकोज चढ़ाया जाता रहा। ठीक से इलाज करने के लिए कहने पर स्टाफ ने कहा कि बच्ची की हालत ठीक है। गुरुवार की सुबह अचानक बेटी की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने बेटी के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि अस्पताल से डिस्चार्ज स्लिप तक नहीं दी गई। पोस्टमार्टम स्लिप पर भी बच्ची की उम्र और नाम गलत चढ़ा दिया गया। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे।