फोटो - 06 - बहुआ-ललौली मार्ग में जाम में फंसे वाहन।
- 07 - बहुआ-ललौली मार्ग में मौजूद गड्ढे।
- बुधवार रात 10 बजे से लगा जाम गुरुवार दोपहर एक बजे के बाद खुला।
संवाद न्यूज एजेंसी
बहुआ। मार्ग में तीन जगहों पर मौरंग लदे ट्रकों के गुल्ला-कमानी और एक्सल टूट जाने से लंबा जाम लगा रहा। स्थानीय लोगों समेत राहगीरों के लिए जाम हर रोज मुसीबत बना हुआ है। बुधवार रात 10 बजे बहुआ-ललौली मार्ग में कस्बे के सर्वोदय नगर, बालाजी और गौरी नहर पुल के पास मौरंग लदे तीन ट्रकों की गुल्ला, कमानी और एक्सल टूट गए। जिससे मार्ग में भारी वाहनों समेत छोटे वाहनों का आवागमन ठप हो गया। कस्बे से लेकर गौरी, बंधवा, चंदौरा और ललौली तक करीब 10 किमी लंबा जाम लगा रहा। गुरुवार सुबह 10 बजे ट्रकों के ठीक के होने के बाद कुछ वाहनों का निकलना शुरू हुआ लेकिन पहले निकलने की होड़ में वाहनों को आड़ा तिरछा खड़ा करने से जाम नहीं खुल सका और वाहन रेंगते हुए जाम में फंसे रहे। इस दौरान करीब 15 घंटे से अधिक देर दोपहर एक बजे तक जाम में लोग फंसे रहे। जाम में भारी वाहन समेत चार पहिया, तिपहिया वाहन फंसे रहे।
मार्ग के गहरे गढ्ढे दे रहे दर्द
बहुआ-ललौली मार्ग में कस्बे में तिराहे के पास, नगर पंचायत कार्यालय के सामने, गौरी नहर पुल के समीप, ललौली थाने के नजदीक, पशु अस्पताल के सामने समेत कई स्थानों पर गहरे गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों समेत स्थानीय लोगों को दर्द दे रहे हैं। जिससे आए दिन जाम की समस्या होती है। वहीं कई बाइक चालक इन गड्ढों में गिरकर घायल भी होते हैं। लोनिवि के अवर अभियंता अरुण कुमार कुशवाहा ने बताया कि गिट्टी और पत्थर मंगाकर जल्द बहुआ-ललौली मार्ग में गड्ढों की भराई कराई जाएगी।