फतेहपुर। विद्युत कनेक्शन काटने पर टीम के साथ उपभोक्ता ने गालीगलौज की। हमलावर होकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। मामले में पुलिस ने जेई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बकेवर उपकेंद्र के टीजी-2 अजीत कुमार ने बताया कि वह टीम के साथ जहानाबाद थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में बकायेदारों की चेकिंग पर गए थे। चेकिंग दौरान कनेक्शन काटने का गांव के रामकरण और शिवदास ने विरोध किया। उन्होंने बकाया जमा करने पर लाइन जोड़ने की बात कही। तभी रामकरण ने पुत्र शिवदास के साथ टीम से गालीगलौज की। विरोध करने पर मारपीट करने लगे। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह मौके से जान बचाकर भागे। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
-
घर में घुसकर नकदी, तीन मोबाइल चोरी
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र में चोर घर मे घुसकर नगदी समेत तीन मोबाइल चुरा ले गए। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी सरजू सिंह रात को परिवार सहित घर में सो रहा था। देर रात दीवार फांदकर चोर घर में घुस आए। कमरे में रखे तीन मोबाइल और 20 हजार नगदी लेकर चोर भाग निकले। थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
धारदार हथियार से युवक पर हमला
फतेहपुर। एक युवक पर अराजकतत्वों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा निवासी सुमित ने बताया कि वह शुक्रवार रात घर जा रहा था। गांव के पास ही रास्ते में गांव के दिलशाद, आकिब, आमिर, फदाली, गयासुद्दीन ने उसे गालीगलौज की। विरोध करने पर उस पर धारदार हथियार से हमला किया। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद
-