-अमर उजाला पड़ताल
फोटो - 13 - ज्वालांगज में यातायात नियमों को तोड़ कर गुजरते बाइक सवार। संवाद
फोटो- 14 - पत्थरकटा चौराहे में यातायात नियमों का उल्लंघन कर जाते बाइक सवार। संवाद
- यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे चालक, फिर भी नहीं होती कार्रवाई
- दिसंबर में सीएम योगी ने दिया था आदेश, एआरटीओ विभाग ने अब तक नहीं की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। शहर के एआरटीओ में सीएम के आदेश का पालन नहीं हुआ। वाहन सवार खुलेआम एकसाथ तीन-तीन यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन चला रहे हैं। इसके बावजूद अब तक किसी चालक का न लाईसेंस हुआ और न ही वाहन का पंजीयन रद्द हो सका।
दिसंबर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने मार्ग दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए स्पष्ट तौर पर कहा था कि किसी भी जिले मेंं लगातार तीन बार यातायात नियमों उल्लंघन करने वाले वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त किया जाए। इसके बावजूद चालक यातायात नियमों का पालन नहीं करते तो उनके वाहन का पंजीयन रद्द करें, लेकिन जिले के एआरटीओ में अब तक इससे संबंधित एक भी कार्रवाई नहीं हुई।
हाल यह है कि विभाग के पास ऐसे वाहनों की सूची भी नहीं है जिनके तीन या इससे ज्यादा चालान कट चुके हैं। रविवार को अमर उजाला ने शहर के अति व्यस्त इलाकों में वाहन चालकों की पड़ताल की। इस दौरान कई चालक एक साथ तीन-तीन नियमों का उल्लंघन करते हुए मिले। ज्वालागंज पर रोडवेज बस अड्डे के नजदीक एक बाइक में तीन लोग बिना हेलमेट के सवार मिलें। इसके अलावा कई बाइकों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट(एचएसआरपी) भी नहीं थी। इसके अलावा पत्थरकटा चौराहे पर भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
-कोट
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लाइसेंस निरस्त और वाहन पंजीयन रद्द करने का काम एआरटीओ प्रशासन का है। उनके स्तर से इस पर भी कार्रवाई हो रही होगी। - लक्ष्मीकांत, एआरटीओ, प्रवर्तन। फतेहपुर