फतेहपुर। ब्लॉक बहुआ के गांव लमेहटा के मजरा अहिरन डेरा, कुआपार, जमोह और बामनतारा के ग्रामीणों ने गांव के निर्माण कार्याें पर धांधली का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान ने कई विकास योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता, भ्रष्टाचार और मनमानी की है। आवास योजनाओं के तहत पात्र को दरकिनार कर अपात्रों को लाभ दिया है। मनरेगा मजदूरों के तहत होने वाले कार्यों को जेसीबी से कराया है। इससे मजदूरों को काम के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। लमेहटा में हाल ही बनी सीसी सड़क पर अनियमितता की वजह से महज नौ दिनों में ही ध्वस्त हो गई है। प्रधान पर जंगलों को कटवाकर वन विभाग की भूमि पर कब्जा करने के आरोप भी लगाया। उन्होंने डीएम ने नाम ज्ञापन उनके कार्यालय में देकर गांव में हुए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मौके पर संतोष कुमार, करन सिंह, रोशन सिंह, गनेश सिंह, कुकेश सिंह, रविशंकर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।