फतेहपुर/बिंदकी। जिले में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित गांव में से तीन गांवों में आंबेडकर उत्सव धाम बनाया जाएगा। आंबेडकर उत्सव धाम को सामुदायिक भवन का रूप दिया जाएगा। इन भवनों में ग्राम समाज की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही ग्राम पंचायतें, स्वयं सहायता समूह की बैठकें होंगी। समाज कल्याण विभाग को शासन की ओर से दिशा निर्देश प्राप्त हो चुके हैं।
जिले के 58 गांव प्रधानमंत्री आदर्श योजना के अंतर्गत शामिल हैं। इनमें से तीन गांवों में आंबेडकर उत्सव धाम सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए शासन की ओर से प्रस्ताव मांगा गया। भवन निर्माण के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से सभी आदर्श गांव की जमीनों को चयनित कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इनमें तीन गांवों का चयन शासन स्तर पर होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश यादव ने बताया कि योजना के अंतर्गत भूमि का चयन कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। सामुदायिक भवन गांव में होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होंगे।
भवन बनाने के तय हैं मानक
प्रत्येक भवन के लिए 500 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित करने का मानक तय किया गया है। जिसमें 125 वर्ग मीटर में सामुदायिक भवन का हाल बनाया जाएगा। इसका रखरखाव ग्राम पंचायत अपने स्वयं के संसाधनों से करेगी। शासन की ओर से प्रत्येक भवन के निर्माण पर 25 लाख रुपए तक बजट खर्च करने की योजना है।