फतेहपुर। इंटर काॅलेज के प्रवक्ता पति व ससुरालियों को बचाने का आरोप विवेचक पर महिला ने लगाया है। महिला ने मामले की एसपी से शिकायत की है। पीड़िता ने दोबारा विवेचना कराए जाने की मांग की है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला कानपुर स्थित एक बैंक में शाखा प्रबंधक है। उन्होंने एसपी से शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2021 में बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी राहुल शुक्ला के साथ हुई थी। पति बिंदकी के एक इंटर कालेज में प्रवक्ता में है। आरोप है कि शादी के बाद से पति व ससुराली दहेज की मांग को लेकर शारीरिक उत्पीड़न करने लगे। आरोप है कि पति उसका अप्राकृतिक तरीके से यौन उत्पीड़न करते हैं। पति का परिवार की एक महिला से संबंध है। उसे जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। तंग होेकर 22 जुलाई को पीड़िता ने बकेवर थाने में पति, सास कांति, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ससुर आनंद शुक्ला समेत नौ लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में कोर्ट में भी बयान दर्ज हुए। कोर्ट में भी अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न का बयान दर्ज कराया था। इसके बाद भी विवेचक राकेश चंद्र शर्मा ने आरोपियों से मिलीभगत कर छह लोगों के नाम हटा दिए। इसके साथ ही अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न की धारा भी हटा दी। प्रकरण को लेकर एसपी से शिकायत कर दोबारा विवेचना की मांग की है।