फतेहपुर। डीएम के निर्देश के बाद बुधवार को मलाका नहर का रास्ता साफ करा दिया गया। इससे किसानों में खुशी है। अब उन्हें सिंचाई के लिए पानी भी मिल सकेगा।
रामगंगा नहर की राधानगर शाखा से मलाका नहर निकली है। इससे मलाका गांव के किसान फसलों की सिंचाई करते थे। वर्ष 2009-10 में नगर पालिका ने सॉलिड वेस्ट प्लांट बनाने लिए मलाका रोड पर निर्माण करा दिया था। इसके कारण 10 साल से किसानों को सिंचाई योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
किसानों की शिकायत पर डीएम श्रुति ने मामले को संज्ञान में लिया और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को माइनर की जमीन से निर्माण हटाने के लिए कहा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता नंदजी गुप्ता ने जेसीबी लगाकर माइनर का रास्ता साफ करा दिया। डीएम ने बताया कि माइनर का रास्ता रोका जाना गलत था। अब किसानों को सिंचाई में सहूलियत होगी।