बहुआ। तेज रफ्तार बाइकों की शुक्रवार शाम सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
ललौली थानाक्षेत्र के मिल्किन डेरा गांव निवासी बुद्धराज निषाद (22) ललौली कस्बा किसी काम से बाइक से जा रहा था। ललौली कस्बा हाईवे पर स्थित एक ढाबे के पास सामने से आए बाइक सवार अढ़ावल निवासी पुत्तू सोनकर (20) से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों से उछलकर दूर जा गिरे। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। बेहोशी हालत में देखकर लोगों ने बहुआ पीएचसी लोडर से पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बुद्घराज निषाद की मौत से उसके पिता सियाराम, मां ननकी देवी और पत्नी विनीता बदहवास हो गए। वह सात भाइयों रावेंद्र निषाद, अरविंद, मुन्ना, सर्वेश, बबलू और संजय में चौथे नंबर का था। उसकी शादी 11 जुलाई को बांदा जिले के पैलानी थाने के परोहड़ा गांव में हुई थी। वह मजदूरी करता था। वहीं, पुत्तू सोनकर के पिता सुक्खू, मां सुंदरिया देवी का रो-रोकर हाल बेहाल रहा। वह तीन भाइयों मांडो सोनकर और राकेश सोनकर से छोटा था। ललौली कस्बे के एक टेंट संचालक के यहां मजदूरी करता था।