बकेवर। लापता युवक का शव रविवार को निचली रामगंगा नहर में मिला। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के पधारा गांव निवासी योगेंद्र वर्मा (24) घर से 28 जुलाई को घर से निकला था। इसके बाद लौटा नहीं। बाबा रामधनी वर्मा ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार को ग्रामीणों ने रामगंगा नहर में शाहजहांपुर नहर पुल के पास से शव बहता देखकर पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला। प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि योगेंद्र परिवार का इकलौता चिराग था।
पिता रामशंकर वर्मा और मां शांति देवी का रो-रो कर हाल बेहाल दिखा। तीन बहनों में दो विवाहित हैं। अविवाहित बहन प्रीति भाई के शव से लिपटकर रोती-बिलखती दिखी। प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि डूबने से मौत प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।