चौडगरा। नासिरगंज मजरे मदोकीपुर गांव में कच्ची दीवार ढहने से रविवार रात एक किशोर की मलबे में दबकर मौत हो गई, उसकी मां-बहन घायल हो गईं। राजस्व टीम ने मौके पर जाकर जांच की। परिवार को आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
कल्यानपुर के नासिरगंज मजरे मदोकीपुर गांव निवासी स्व. भूरा रैदास की पत्नी श्रीदेवी, छोटा बेटा हरिशंकर (16) और बेटी छोटी देवी कोठरी के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। रविवार रात बारिश के दौरान दीवार ढह गई। पड़ोसियों ने मलबा हटाकर किशोर और उसकी मां व बहन को बाहर निकाला। किशोर को मौके पर ही ग्रामीणों ने मृत पाया।
विवाहित बहन छोटी देवी व मां श्रीदेवी को पीएचसी गोपालगंज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने इलाज के बाद दोनों को घर भेज दिया। हरिशंकर के दो बड़े भाई हरिओम, हरिबाबू हैं। नायब तहसीलदार रवि कुमार हल्का लेखपाल के साथ मौके का निरीक्षण किया। परिवार को आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
प्रधान विजयपाल ने बताया कि महिला को पहले इंदिरा आवास मिल चुका है। अब उसे दोबारा योजना का लाभ नहीं मिल सकता है।