फतेहपुर। डिवाइडर से टकराने के बाद शनिवार रात करीब दो बजे कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला के दो बेटे और एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पति को मामूली चोट आई है। बेटों को हैलट में भर्ती कराने के बाद पति रविवार दोपहर बाद लौटे। पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम हो सका।
कानपुर फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शनपुरवा निवासी धर्मेंद्र एक गुटखा कंपनी के सेल्समैन हैं। वह पत्नी रानी (44), पुत्र सचिन, नितिन, पुत्री प्रीती के साथ कार से चित्रकूट जा रहे थे। कार सचिन चला रहा था। मलवां कस्बा हाईवे पर कार अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद खंती में पलट गई। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने कार सवार परिवार को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने रानी को मृत घोषित कर दिया। सचिन, नितिन व प्रीती को कानपुर रेफर किया गया है। पति धर्मेंद्र बेटे और बेटियों के इलाज के बाद दोपहर को मलवां थाना पहुंचे। हादसे की सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।