संवाद न्यूज एजेंसी
थरियांव। बुआ के गांव मेला देखने आए युवक को जंगल में बंधक बनाकर छह से सात लोगों ने लाठी-डंडे से पीटा। इलाज के बाद युवक थाने पहुंचा। पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। युवक ने 2700 रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है।
खागा थाना क्षेत्र के कटखेरवा गांव निवासी अजय कुमार थरियांव थाना क्षेत्र के सरायमोहन सलेमपुर गांव बुआ के घर गुरुवार शाम मेला देखने पहुंचा था। वह रात को मेला के बाद जंगल शौच को गया था। जहां पर छह से सात लोगों ने उसे पकड़ लिया। बंधक बनाकर पीटा और मरणासन्न हालत में छोड़कर चले गए।
अजय ने बताया कि मारपीट के दौरान उसने मोबाइल से पुलिस को फोन करने का प्रयास किया। आरोपियों ने मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। उसे सुबह होश आया। किसी तरह बुआ के घर पहुंचा। उसे परिजन अस्पताल ले गए। इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर थाने पहुंचा। आरोपी बदमाश रहे हैं। उससे रुपये छीन ले गए हैं।
रुपये छीनने के विरोध में मारपीट की गई है। पहचान के डर से उसे मरणासन्न किया है। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। लूटपाट का मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।