चौडगरा। फतेहपुर से दवा लेकर घर आ रहे बाइक सवार को शनिवार शाम तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर पिकअप के बोनट पर गिरा और फंसकर 100 मीटर तक घिसटता चला गया। बाइक सवार को फंसे देख चालक पिकअप छोड़कर भाग गया।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव गनईयाखेड़ा मजरे इब्राहीमपुर निवासी बाबूराम का पुत्र प्रदीप (22) की रेवाड़ी कस्बे में कपड़े व जूते-चप्पल की दुकान है। शनिवार सुबह वह बाइक से किसी काम से फतेहपुर गया था। शाम को घर लौटते वक्त हाईवे के पिलखिनी मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर पिकअप की बोनट में गिरा और पिकअप में फंस गया।
इसके बाद वह पिकअप में फंसकर सौ मीटर तक घिसटता चला गया। उसे फंसे देख सुनसान सड़क मिलते ही चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। तब तक प्रदीप की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की सूचना से पिता बाबूराम, मां राधा देवी व बड़े भाई अमित व संदीप रो-रोकर बेहाल हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार यादव ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।